कोरिया। बैकुण्ठपुर नगर पालिका क्षेत्र में आवारा कुत्तों को वैक्सीनेशन कर सुरक्षित बनाने की पहल लगातार जारी है। नपाधिकारी संजय दुबे के निर्देशानुसार तथा गौ सेवक अनुराग दुबे के नेतृत्व में शहर में भ्रमण कर आवारा कुत्तों को टीका लगाया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान को कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्राथमिकता दी गई है, ताकि आवारा पशुओं से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं और संक्रमण के खतरे को रोका जा सके।
गौ सेवक अनुराग दुबे स्वयं मैदान में उतरकर पूरे समर्पण के साथ विभिन्न वार्डों में घूमकर कुत्तों को वेक्सीन लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि शहर के हर वार्ड में जितने भी आवारा कुत्ते हैं, सभी का समय-सीमा में वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य से न केवल शहरवासियों की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि पशु संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
नपाधिकारी संजय दुबे ने बताया कि नगर पालिका टीम लगातार जागरूकता फैलाने में भी लगी है, ताकि लोग इस अभियान का सहयोग करें और कुत्तों को सुरक्षित तरीके से टीकाकरण हेतु आगे आने दें। उन्होंने कहा कि यह कार्य जनहित और पशु हित दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन और नगर पालिका प्रशासन की सक्रियता से बैकुण्ठपुर शहर में आवारा पशुओं के प्रबंधन की दिशा में यह कदम प्रशंसनीय माना जा रहा है। शहरवासियों ने भी इस अभियान का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे सड़क हादसों और बीमारी के जोखिम में कमी आएगी।
नगर पालिका की यह पहल मानवता और पशु संरक्षण, दोनों के प्रति जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।
