कोरिया जिले के बहुचर्चित नाबालिग छात्रा आत्महत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे तीन नामजद आरोपियों में से एक आरोपी विनोद वैध को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने राजस्थान में आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में नामजद अन्य दो फरार आरोपी जगत वैध और दीपक वैध की तलाश भी तेजी से जारी है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि नाबालिग छात्रा आत्महत्या मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और पीड़ित परिवार सहित आम जनता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थी। ऐसे में एक आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। अब सभी की नजरें शेष दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ की जा रही है तथा किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।
