कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में स्वच्छ भारत अभियान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती नजदीक है, महात्मा गांधी का सपना था कि भारत स्वच्छ बने, लेकिन नगर पालिका के हालात देखकर लगता है कि ये सपना अब भी अधूरा रहेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी के घर के ठीक बीचों-बीच कचरे का अंबार लगा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इसी कचरे के ढेर के पीछे एक प्राथमिक स्कूल है, जहां रोज बच्चे पढ़ने आते हैं। गंदगी से उठ रही बदबू और फैलते मच्छरों का खतरा बच्चों की सेहत पर भारी पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों और खबरों के बावजूद नगर पालिका कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। कांग्रेस पार्षदों ने तो यहां तक कह दिया कि नगर पालिका अब "नरक पालिका" बन चुकी है।

