कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में स्वच्छ भारत अभियान की धज्जियां उड़ती जा रही हैं। नगर पालिका की सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं, नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि प्रेम बाग जैसे धार्मिक स्थल पर, जिसे हिंदुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है, वहां तक कचरे के ढेर लगे हुए हैं। यही नहीं, नगर पालिका के मुख्य अधिकारी का सरकारी आवास भी यहीं पर है, और उससे महज 10 कदम दूर गंदगी का अंबार देखने को मिलता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार नगर पालिका को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी सुनवाई तक नहीं होती। लगभग 100 से अधिक सफाई कर्मचारी होने के बावजूद शहर की हालत बदहाल है।
लोगों का आरोप है कि नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह लाचार हो चुका है और शहर की सफाई व्यवस्था ठप पड़ी है। अब सवाल यह है कि जब शहर के सबसे धार्मिक स्थल और अधिकारी के घर के सामने सफाई नहीं हो पा रही है, तो आम मोहल्लों की हालत का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।


